Saturday, 29 August 2026

जयपुर: महिला के पेट से 6 किलो बालों का गुच्छा दूरबीन से निकाला गया, राजस्थान का पहला मामला


जयपुर: महिला के पेट से 6 किलो बालों का गुच्छा दूरबीन से निकाला गया, राजस्थान का पहला मामला

जयपुर। गवर्नमेंट पं. दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल (गणगौरी) के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। यहां 36 वर्षीय महिला के पेट से 6 किलोग्राम वजन का बालों का गुच्छा (ट्राइकोबेज़ोआर) ऑपरेशन कर निकाला गया। खास बात यह रही कि यह ऑपरेशन दूरबीन तकनीक (लेप्रोस्कोपिक सर्जरी) से किया गया, जबकि आमतौर पर इतने बड़े गुच्छे को केवल सामान्य सर्जरी (ओपन सर्जरी) से ही निकाला जा सकता है।

हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. लीनेश्वर हर्षवर्धन ने बताया कि मरीज 16 सितंबर को पेट दर्द की शिकायत लेकर ओपीडी में आई थी। सर्जन डॉ. मुकेश शर्मा की टीम ने जांच की तो पता चला कि महिला का पेट लगातार फूल रहा है और उसका खाना-पीना लगभग बंद हो चुका है। सीटी स्कैन और अन्य जांचों में स्पष्ट हुआ कि उसके पेट में बालों का विशाल गुच्छा जमा है।

करीब दो घंटे चले ऑपरेशन में इसे सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया। डॉक्टरों के अनुसार, राजस्थान में यह पहला केस है, जब इतना बड़ा बालों का गुच्छा दूरबीन की मदद से निकाला गया है। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति स्थिर है और अब वह सामान्य रूप से भोजन कर पा रही है।

डॉक्टरों का कहना है कि यह समस्या "ट्राइकोफेजिया" नामक मानसिक विकार से जुड़ी हो सकती है, जिसमें मरीज बाल चबाने या निगलने की आदत से ग्रसित होता है। लंबे समय तक ऐसा करने से बाल पेट में जमा होकर गुच्छा बना लेते हैं।

Previous
Next

Related Posts