



सोशल मीडिया पर कथित धार्मिक टिप्पणी के बाद शुक्रवार रात उपजा विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। इस मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने सोमवार को 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 5 नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।
शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी के बाद एक पक्ष के लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पास के कशीदा कारखाने में तोड़फोड़ कर दी, जिससे कारोबारी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ।
शनिवार सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान और पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता ने कारखाने का दौरा किया और पीड़ित को हर संभव मदद व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं और माली समाज सहित समर्थकों ने घंटाघर चौराहा पर धरना और जाम लगाया। करीब पांच घंटे बाद पहुंचे एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें नुकसान की भरपाई, मुआवजा, अतिक्रमण हटाने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांगें रखी गईं। आश्वासन के बाद धरना खत्म हुआ।
धरना खत्म होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और सोमवार को कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा 5 नाबालिगों को निरुद्ध किया गया। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।