मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मानसरोवर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों का किया दौरा,व्यापारियों और आमजन को कराया जागरूक, जीएसटी बचत उत्सव के तहत स्वदेशी अपनाने का आह्वान
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को जीएसटी बचत उत्सव के अंतर्गत जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में व्यापारियों और आमजन को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती और सरलीकरण से आम जनता, व्यापारी और किसान सभी को सीधा लाभ मिलेगा।
प्रतिष्ठानों पर लगाए स्टिकर्स: इस अवसर पर मुख्यमंत्री शर्मा ने विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया और वहां जीएसटी बचत उत्सव से जुड़े स्टिकर्स लगाए। उन्होंने आमजन से स्वदेशी उत्पाद अपनाने और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने की अपील की।
स्वदेशी से आत्मनिर्भर भारत: मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि जीएसटी सुधारों से न केवल दैनिक उपयोग की वस्तुएं सस्ती होंगी, बल्कि देश में बने सामानों की खपत भी बढ़ेगी। स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर हम आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।