अजमेर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सीपी जोशी ने अजमेर में आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस और गांधी परिवार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया ‘मां की बात’ उद्बोधन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह देश की करोड़ों जनता के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश को लूटा और बर्बाद किया।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चीन को हजारों हेक्टेयर जमीन सौंप दी।कश्मीर में धारा-370 लागू कर उसे भारत से अलग करने की कोशिश की और इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र (यूएनओ) में ले जाकर देश की छवि धूमिल की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 वर्षों तक धर्म, जाति और पंथ के आधार पर देश को बांटकर आर्थिक रूप से कमजोर किया। इसके विपरीत मोदी सरकार ने मात्र 11 साल में पूरे भारत को एक परिवार मानकर विकास की नई गाथा लिखी है।
जोशी ने कहा कि जीएसटी देश के सबसे बड़े टैक्स सुधारों में से एक है, जिसने हर वर्ग को राहत दी।
खाने-पीने की वस्तुओं और घरेलू उत्पादों पर टैक्स घटकर 0 से 5% तक रह गया है।पहले 28% और 18% स्लैब में आने वाली वस्तुएं अब केवल 12% या 5% पर उपलब्ध हैं।सीमेंट, बीमा, जीवन रक्षक दवाइयां और कृषि उपकरणों पर छूट से किसान, व्यापारी और आमजन को बड़ा लाभ हुआ है।
जोशी ने बताया कि मोटरसाइकिल और कार पर 10% टैक्स छूट से आम आदमी को बड़ी राहत मिली है।सीमेंट की बोरी की कीमत 28% से घटकर 18% टैक्स स्लैब पर आ गई है। बीमा पॉलिसियों और जीवन रक्षक उपकरणों पर टैक्स को घटाकर शून्य से 5% कर देना एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि यह सुधार न केवल मध्यम वर्ग और व्यापारियों, बल्कि गृहिणियों और किसानों के लिए भी लाभकारी हैं।
सीपी जोशी ने कहा कि मोदी सरकार ने न केवल आर्थिक सुधार किए, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को भी बढ़ावा दिया।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने हमेशा गांधी परिवार को ही देश माना, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे भारत को प्राथमिकता दी।
“सबका साथ, सबका विकास का मंत्र ही आज भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जा रहा है।”