



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर ‘एक पेड़ – मां के नाम’ अभियान के तहत आम के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़े का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि व्यक्ति को स्वस्थ रखने में पर्यावरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदूषण कम करने और जैव विविधता को बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार राजस्थान को हरा-भरा और खुशहाल प्रदेश बनाने के लिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सतत कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने मिशन हरियालो राजस्थान की शुरुआत की है।5 वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।पिछले वर्ष इस अभियान के अंतर्गत 7.5 करोड़ पौधे लगाए गए।इस वर्ष अब तक लगभग 11.5 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि सेवा पखवाड़े के तहत प्रदेशभर में:ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों का वृहद स्तर पर आयोजन किया जा रहा है।इन शिविरों में आमजन को त्वरित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और उनके प्रकरणों का निस्तारण किया जा रहा है।सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाया जा रहा है।साथ ही, प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति और वृक्षारोपण जैसे जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।