



चंडीगढ़/दिल्ली। हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एक पॉडकास्ट में अभय ने बताया कि पद से इस्तीफे के बाद धनखड़ साहब काफी परेशान थे और उन्हें “घर में घुटन” महसूस हो रही थी।
अभय चौटाला ने कहा कि धनखड़ साहब से परिवार का चार दशक पुराना सामाजिक रिश्ता है। उन्होंने बताया कि जब धनखड़ ने अपनी घुटन की बात साझा की तो उन्होंने उन्हें फार्महाउस में रहने का आग्रह किया। अभय ने कहा – “धनखड़ साहब परिवार के सदस्य हैं। वे जब तक चाहें हमारे फार्महाउस में रह सकते हैं, यह उनका अपना घर है।”
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को मानसून सत्र के पहले दिन स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने 1 सितंबर को सरकारी आवास खाली कर दिया और दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर स्थित अभय चौटाला के फार्महाउस में शिफ्ट हो गए। धनखड़ ने इस्तीफे के 42 दिन बाद उपराष्ट्रपति आवास छोड़ा।