Sunday, 28 September 2025

जय अंबे सेवा समिति वृद्ध आश्रम में 500 व्यक्तियों हेतु श्राद्ध महाभोज सम्पन्न,संतों और विशिष्ट अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति


जय अंबे सेवा समिति वृद्ध आश्रम में 500 व्यक्तियों हेतु श्राद्ध महाभोज सम्पन्न,संतों और विशिष्ट अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

अजमेर। जय अंबे सेवा समिति वृद्ध आश्रम, हरिभाऊ उपाध्याय नगर, अजमेर के तत्वावधान में रविवार को अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मार्थ श्राद्ध महाभोज का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य में लगभग 500 वृद्धजनों और आर्थिक रूप से असहाय बंधुओं को ससम्मान भोजन प्रसादी वितरित की गई।

धार्मिक अनुष्ठान और भक्ति संध्या

कार्यक्रम का आरंभ ईश दीपक प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद श्रीमान शंकर सिंह जी द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। भजनों और कीर्तन से वातावरण भक्ति-भाव से ओतप्रोत हो उठा। तत्पश्चात भगवान को भोग अर्पित कर सामूहिक आरती “जय जगदीश हरे” की गई।

संतों और अतिथियों की उपस्थिति

श्राद्ध महाभोज में समाज और धर्म जगत की कई विशिष्ट हस्तियां उपस्थित रहीं। इनमें नरसिंह मंदिर होली धड़ा के महंत श्याम सुंदर शरण देवाचार्य महाराज, कृष्ण कृपा धाम के उपासक रामकृष्ण जी महाराज, प्रेम प्रकाश आश्रम के संत राम प्रकाश, नारायण साईं, तथा पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बहती प्रमुख रहे। इन सभी ने उपस्थित जनों को आशीर्वाद प्रदान किया।

सेवा और सहयोग की मिसाल

आयोजन में सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरु – राजस्थान का भी सहयोग रहा। संघ के अध्यक्ष और पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, करुणा और धार्मिक चेतना को सशक्त करते हैं।
समिति के संरक्षक कालीचरण खंडेलवाल और बृजेश गौड़ ने बताया कि संतों के सानिध्य और समाजबंधुओं के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

सायं काल से शुरू हुए महाभोज में उपस्थित सभी वृद्धजनों और असहाय बंधुओं ने सप्रेम प्रसादी ग्रहण की और आयोजन समिति को आशीष दिया।

Previous
Next

Related Posts