



जयपुर। जयपुर सेंट्रल जेल से फरार होने वाले दूसरे आरोपी नवल किशोर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले उसका साथी अनस शनिवार को ही पुलिस के हत्थे चढ़ चुका था। पूछताछ में नवल ने खुलासा किया कि दोनों ने नशे की लत के कारण जेल से भागने की योजना बनाई थी।
एसीपी गांधी नगर नारायण बाजिया ने बताया कि दोनों आरोपी पिछले चार दिन से जेल से भागने की योजना बना रहे थे। योजना के तहत उन्होंने जेल की ऊंची दीवार फांदने की कोशिश की, लेकिन गिरने से उनके सिर और आंख में गंभीर चोटें आईं। दोनों लहूलुहान हो गए थे।
दोनों आरोपियों का रविवार को SMS हॉस्पिटल में मेडिकल कराया गया। अनस को शनिवार दोपहर मालपुरा गेट इलाके से गिरफ्तार किया गया था। वहीं, रविवार सुबह नवल को भी उसी इलाके से तब पकड़ा गया जब वह स्मैक पीने के लिए अपने ठिकाने से बाहर निकला। नवल की आंख में गंभीर चोट बताई जा रही है।
एसीपी ने बताया कि जेल की दीवार से गिरने के बाद दोनों आरोपी मुख्य सड़क तक पहुंचे और वहां से एक बाइक चोरी कर गोखले हॉस्टल तक गए। खून ज्यादा बहने के कारण वे बाइक सहित गिर पड़े और उन्हें और चोटें आईं।
एक अज्ञात व्यक्ति दोनों को SMS ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वे भाग निकले। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी और दोनों को अलग-अलग समय पर दबोच लिया।