



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में किए गए सरलीकरण से समाज के सभी वर्गों – गरीब, किसान, मध्यम वर्ग, व्यापारी और उद्योगपति – को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। त्यौहारों के अवसर पर दरों में कमी उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी सौगात है।
मुख्यमंत्री शर्मा रविवार को मंत्रीगण और विधायकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 22 से 29 सितम्बर तक प्रदेशभर में ‘जीएसटी बचत उत्सव’ मनाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जीएसटी दरों में कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाना और व्यवसायियों को प्रेरित करना है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि वर्ष 2017 में लागू जीएसटी में 5%, 12%, 18% और 28% की चार दरें थीं। प्रधानमंत्री मोदी की घोषणा के बाद 22 सितम्बर से मुख्य रूप से दो दरें 5% और 18% प्रभावी होंगी। केवल विलासिता संबंधी वस्तुओं पर 40% टैक्स लागू रहेगा। इस कदम से दैनिक उपयोग की वस्तुएं सस्ती होंगी, किसानों और मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी, स्वास्थ्य क्षेत्र को लाभ होगा और उद्योगों को सरल कर संरचना का फायदा मिलेगा।
मुख्यमंत्री शर्मा ने मंत्रियों और विधायकों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित करें। स्थानीय बाजारों में जाकर दुकानदारों को दरों में कमी से होने वाले लाभ की जानकारी दें और उन्हें उपभोक्ताओं तक इसका फायदा पहुंचाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि होर्डिंग्स, बैनर, स्टीकर्स, सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से जीएसटी बचत उत्सव का प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही, व्यापारी संघों, चैंबर ऑफ कॉमर्स और कर संघों के साथ बैठकें कर जागरूकता बढ़ाई जाए।
बैठक में वित्त विभाग के उच्च अधिकारीगण भी उपस्थित रहे और जीएसटी दरों से संबंधित तकनीकी विवरण साझा किए।