



जयपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में रविवार को अमर जवान ज्योति पर ‘नमो युवा रन – नशा मुक्त भारत के लिए’ मैराथन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा – “युवा एक कदम बढ़ाएंगे, तो राजस्थान सौ कदम तेजी से आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। अब तक लगभग 75 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और जल्द ही 25 हजार नई नियुक्तियां और दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि राइजिंग राजस्थान समिट के दौरान हुए एमओयू से राज्य में उद्योगों की स्थापना होगी, जिससे निजी क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि युवाओं को मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करना होगा, क्योंकि 21वीं सदी भारत की सदी बनने जा रही है। उन्होंने इस मौके पर नशा मुक्ति और सेवा भाव जैसे संकल्पों को युवाओं के जीवन में उतारने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत आयोजित ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से अंतिम पायदान तक राहत पहुंचाई जा रही है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने अमर जवान ज्योति से हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, विधायक जितेंद्र गोठवाल, गोपाल शर्मा, जयपुर ग्रेटर उप महापौर पुनीत कर्णावत, भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, BJYM अध्यक्ष अंकित चैची, जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल, प्रदेश मंत्री अशोक सैनी और भूपेंद्र सैनी, RCA एडहॉक समिति संयोजक डीडी कुमावत सहित भाजपा और युवा मोर्चा के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।