Sunday, 21 December 2025

पंचायत और निकाय चुनाव से पहले RLD अध्यक्ष योगेंद्र सिंह अवाना बोले – सभी जिलों में बनेगी कार्यकारिणी, सातों संभागों में रैलिया,गठबंधन को लेकर कोई फैसला नहीं


पंचायत और निकाय चुनाव से पहले RLD अध्यक्ष योगेंद्र सिंह अवाना बोले – सभी जिलों में बनेगी कार्यकारिणी, सातों संभागों में रैलिया,गठबंधन को लेकर कोई फैसला नहीं

जयपुर। राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोकदल (RLD) पूरी तरह से एक्टिव मोड में आ गई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र सिंह अवाना ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के नेतृत्व में सबसे पहले राज्य के सातों संभागों में संगठनात्मक टीम का गठन किया जाएगा। इसके लिए तेजी से काम किया जा रहा है ताकि चुनाव से पहले पार्टी बूथ स्तर तक मजबूत हो सके।

जिलों में कार्यकारिणी का गठन

अवाना ने कहा कि राजधानी जयपुर में शहर अध्यक्ष का चयन हो चुका है, जिसकी आधिकारिक घोषणा 22 सितंबर (नवरात्रि के पहले दिन) की जाएगी। सातों संभागों के पदाधिकारियों की सूची भी अंतिम चरण में है और जल्द जारी होगी। साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकारिणी बनाई जाएगी।

सातों संभागों में होंगी राष्ट्रीय स्तर की रैलियां

प्रदेश अध्यक्ष अवाना ने बताया कि अगले कुछ दिनों में सातों संभागों में राष्ट्रीय स्तर की रैलियां आयोजित की जाएंगी। इनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी सहित देशभर के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। राज्य में पहली बड़ी रैली 5 अक्टूबर को बयाना में होगी। इसके अलावा नवंबर और दिसंबर में भी रैलियों का आयोजन होगा, जिनमें हजारों कार्यकर्ता भविष्य की रणनीति पर मंथन करेंगे।

चुनाव आयोग में चुनाव चिन्ह के लिए आवेदन

अवाना ने बताया कि RLD पहले ही 11 जुलाई को निकाय और पंचायत चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुका है। पार्टी ने चुनाव आयोग में अपने चुनावी प्रतीक ‘हैंडपंप’ के लिए आवेदन भी कर दिया है।

भाजपा और कांग्रेस को चुनौती

गठबंधन को लेकर अवाना ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पार्टी ने किसी भी स्तर पर कोई फैसला नहीं लिया है। उनका कहना है कि अभी प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सकारात्मक समर्थन के बल पर आने वाले चुनावों में RLD भाजपा और कांग्रेस दोनों को कड़ी चुनौती देगा।

    Previous
    Next

    Related Posts