अजमेर। अजमेर उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से आज जनकपुरी, गंज में "वोट चोर गद्दी छोड़" हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि और अभियान के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समन्वयक रणजीत चंदेलिया तथा पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने बैनर पर हस्ताक्षर कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से देशभर में वोट चोरी हो रही है और कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अब वोट चोरी को रोकने और इन कारनामों को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह में पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल, डॉ. गोपाल बाहेती, अजमेर डेयरी चेयरमैन रामचंद्र चौधरी, कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह रलावता और नेता प्रतिपक्ष द्रोपदी कोली सहित कई नेताओं ने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार और चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोटों की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक और महाराष्ट्र के चुनावों में यह स्पष्ट दिखा और खुद राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे को दो बार उठाया, लेकिन न तो चुनाव आयोग ने कार्रवाई की और न ही मोदी सरकार ने कोई कदम उठाया।
पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि अजमेर उत्तर और दक्षिण विधानसभा सहित जिले की कई सीटों पर कांग्रेस बहुत कम अंतर से हारी है। ऐसे में यहां वोट चोरी की जांच होनी चाहिए।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर जनता को जागरूक करें और वोट चोरी की घटनाओं पर सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का हर कार्यकर्ता वोट चोरी पकड़कर भाजपा और चुनाव आयोग की सच्चाई सामने लाएगा।
कार्यक्रम में स्वास्तिक नगर निवासी भाजपा कार्यकर्ता प्रकाश आलवानी ने कांग्रेस ज्वाइन की। उन्होंने कहा कि स्वास्तिक नगर में जल प्रलय के बाद भाजपा नेताओं ने केवल दिखावा किया, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोजन, राशन, कपड़े और शैक्षणिक सामग्री वितरित कर वास्तविक सेवा कार्य किया। इससे प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस से जुड़ने का निर्णय लिया।
अभियान के शुभारंभ पर ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल, वाहिद मोहम्मद, चंदन सिंह, लक्ष्मी धोलखेडिया, महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रियंका चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मी बुंदेल, महासचिव नौरत गुजर समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।