



जयपुर। पुराने शहर में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सुभाष चौक थाना क्षेत्र के झिलाई हाउस में सुबह करीब 7 बजे एक जर्जर मकान ढह गया। मलबे में दबने से 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला धन्नीबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बहू सुनीता (35) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के समय घर में मौजूद दो बच्चे बाहर खेल रहे थे। मकान गिरा तो बच्चे दौड़कर मां और दादी के पास पहुंचे। रिश्तेदार तरुण महावर ने बताया कि "मकान ढहते ही मां (सुनीता) जोर-जोर से बचाने की गुहार लगा रही थीं और दादी के ऊपर लेटी हुई थीं।"पड़ोसियों की मदद से मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया।
नगर निगम की डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस मकान को गिराने के लिए 12 अगस्त को नोटिस जारी किया गया था। वहीं, मकान मालिक ने दावा किया कि उसे कोई नोटिस नहीं मिला।
गौरतलब है कि 12 दिन पहले भी सुभाष चौक इलाके की एक हवेली ढह गई थी, जिसमें बाप-बेटी की मौत हो गई थी।