जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राजस्थान सरकार ने प्रदेशभर में शहरी सेवा शिविर अभियान की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर के मालवीय नगर कम्युनिटी सेंटर से इस अभियान का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आम जनता के लंबे समय से लंबित कार्यों को शीघ्र निस्तारित करना और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ वंचित लोगों तक पहुँचाना है। सीएम ने जनता से आह्वान किया कि यदि आपके क्षेत्र में सड़क, सीवरेज या अन्य नगर सेवाओं से जुड़ी समस्याएं हैं, तो उन्हें शिविर में दर्ज करवाएं। सरकार का प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द समाधान किया जाए।
शहरी सेवा शिविर में होंगे ये काम: जन्म, विवाह, जाति प्रमाण पत्र, मृत्यु पंजीयन जैसे जरूरी प्रमाण पत्र मौके पर जारी किए जाएंगे। जमीन, मकान और दुकानों की लीज डीड, बकाया लीज राशि जमा करने पर एनओसी व फ्री-होल्ड पट्टे जारी होंगे। प्रदेशभर में सफाई व्यवस्था सुधार के साथ ब्लैक स्पॉट हटाने का अभियान। नई स्ट्रीट लाइट लगाना और बंद लाइटों को चालू करना। आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्यवाही। सड़क मरम्मत, पेचवर्क और निर्माण प्रस्तावों को मंजूरी। नमो पार्क का विकास, पार्क, सामुदायिक केंद्र और रैन बसेरे का रिनोवेशन। पीएम स्वनिधि ऋण वितरण, पीएम सूर्य घर योजना (150 यूनिट फ्री बिजली) सहित केंद्र-राज्य योजनाओं के आवेदन और स्वीकृति। प्रत्येक निकाय स्तर पर सद्भावना केंद्र की स्थापना। फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, डेयरी बूथ अनुज्ञा पत्र, साइनेज लाइसेंस जारी होंगे। शहर चलो अभियान के तहत प्रॉपर्टी आईडी बनाई जाएगी। सीवर कनेक्शन, मोबाइल टावर और OFC अनुमति। कृषि भूमि पर बसी आबादियों और कच्ची बस्तियों में लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे जारी होंगे।
छूट और रियायतें: बकाया लीज राशि के साथ वनटाइम (8 साल) या फ्री-होल्ड (10 साल) की राशि जमा करवाने पर: ब्याज का 100% माफ। लीज के मूल में से 60% राशि माफ।
यदि भूखंड मालिक ने समय पर निर्माण नहीं किया है, तो पुनर्ग्रहण शुल्क जमा कराने पर: 31 मार्च 2027 तक अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
यह शिविर न केवल आमजन को प्रशासनिक कार्यों से राहत देंगे बल्कि शहरों की व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण से जोड़ने की राज्य सरकार की यह बड़ी पहल मानी जा रही है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह पखवाड़ा जनता के जीवन में खुशहाली और राहत लाएगा।