



अहमदाबाद/राजकोट। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार का पूरा खर्च उनके परिवार को खुद उठाना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, अंतिम यात्रा में फूल, टेंट और अन्य व्यवस्थाओं पर लगभग 20 से 25 लाख रुपए का खर्च आया था।
जानकारी के मुताबिक, जुलाई में आयोजन से जुड़े व्यापारी रूपाणी परिवार के घर पहुंचे और भुगतान की मांग की। परिवार को यह जानकर बड़ा झटका लगा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई भुगतान नहीं किया गया है। अंततः परिवार ने स्वयं सभी खर्च चुका दिए।
रूपाणी परिवार के एक करीबी मित्र ने बताया कि यह पैसे का सवाल नहीं है, लेकिन भाजपा का रवैया बेहद तकलीफदेह और बेदर्दी भरा है। पार्टी की ओर से पहले कोई सूचना तक नहीं दी गई।
इस मामले ने सियासी हलकों में हलचल पैदा कर दी है। बताया जा रहा है कि सौराष्ट्र के दो बड़े नेताओं ने इसमें हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत करने की कोशिश की है।
गौरतलब है कि विजय रूपाणी का 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे में निधन हो गया था। इसके बाद 16 जून को राजकोट में राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था।