



जयपुर। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मैच से पहले राजस्थान में विरोध के सुर तेज हो गए हैं। कांग्रेस पार्टी के खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमीन पठान ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर किसी भी सिनेमा हॉल या रेस्टोरेंट में भारत-पाक मैच का प्रसारण किया गया तो वहां टीवी फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में मैच का प्रसारण नहीं होने देंगे और सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे।
अमीन पठान ने कहा कि यह फैसला देश की भावनाओं के खिलाफ है। “पहलगाम हमले में शहीदों के परिवारों के आंसू अभी सूखे भी नहीं थे और केंद्र सरकार ने सिर्फ जय शाह के दबाव में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का निर्णय लिया। यह शहीदों और देशवासियों का अपमान है।”
उन्होंने आगे कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ व्यापार बंद, पानी रोका और पाक नागरिकों को वीजा देना बंद कर दिया था। ऐसे में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना पूरी तरह गलत है।
पठान ने सवाल उठाया कि एशिया कप में पाकिस्तान के साथ मैच खेलकर भारत उस वैश्विक दबाव को कम कर रहा है, जो ऑपरेशन सिंदूर और अन्य कूटनीतिक कदमों के बाद पाकिस्तान पर बनाया गया था। “दुनिया के कई देशों में हमने पाकिस्तान की असलियत उजागर की थी, लेकिन अब यह क्रिकेट मैच उस स्थिति को कमजोर कर देगा।”