



पटना। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शुक्रवार को पटना स्थित महावीर मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया। शंकराचार्य ने सवाल उठाया कि “अगर भाजपा सच में गोरक्षक होती तो उनके शासनकाल में कत्लखाने और मांस का निर्यात क्यों बढ़ता?”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का रवैया दोहरा है –जब गोभक्तों के बीच जाते हैं तो गोपूजा की तस्वीरें दिखाते हैं।जब गोविरोधियों के बीच जाते हैं तो मांस निर्यात का रिकॉर्ड बताते हैं।
शंकराचार्य ने कहा कि इस “दोहरे चरित्र” को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने घोषणा की कि बिहार की हर विधानसभा सीट से गो माता का एक प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। उनका कहना है कि गो रक्षा के लिए स्वतंत्रता संग्राम से ही मांग उठती रही है, लेकिन अब तक हर पार्टी और नेता ने गोभक्तों को धोखा दिया है।
अविमुक्तेश्वरानंद ने बताया कि उन्होंने कई राजनीतिक दलों से मुलाकात कर पूछा कि वे गाय के पक्ष में हैं या विरोध में, लेकिन किसी ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इस कारण, अब वे खुद गो माता समर्थक प्रत्याशियों को मैदान में उतारेंगे ताकि जनता सीधे गो रक्षा के मुद्दे पर मतदान कर सके।