



नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि आज दुनिया में भारत के मज़बूत होने से कुछ देशों को डर है। इसी कारण टैरिफ जैसे प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। नागपुर में ब्रह्माकुमारी विश्व शांति सरोवर के 7वें स्थापना दिवस पर भागवत ने कहा कि जो देश खुद को हर समय चर्चा में देखना चाहते हैं, वही ऐसे कदम उठाते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने 30 जुलाई को भारत पर 25% टैरिफ का ऐलान किया था, जो 7 अगस्त से लागू हुआ। वहीं, रूसी तेल खरीदने की वजह से भारत पर 27 अगस्त से 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया गया। ट्रम्प का कहना था कि भारत रूस से सस्ता तेल खरीदकर खुले बाज़ार में बेच रहा है और इससे रूस को यूक्रेन युद्ध में मदद मिल रही है।
भागवत ने कहा कि जब तक मनुष्य अपने वास्तविक स्वरूप को नहीं समझेंगे, तब तक समस्याएं बनी रहेंगी। उन्होंने ज़ोर दिया कि अगर हम दया दिखाएं और डर पर काबू पा लें, तो कोई दुश्मन नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि आज दुनिया समाधान खोज रही है, लेकिन अधूरी दृष्टि और “सिर्फ मैं” वाली सोच के कारण रास्ता खोजना असंभव हो गया है।