



जयपुर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन की सरकार द्वारा पिछले 21 महीनों में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं, जिससे विकसित राजस्थान का विजन और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार के शानदार काम को देखकर विपक्ष निरूत्तर हो चुका है। विधानसभा में विपक्ष के पास बोलने को कुछ नहीं था, इसलिए उन्होंने सत्र को नहीं चलने दिया।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा खुद सदन में नहीं आते, जबकि विपक्ष सिर्फ राजनीति चमकाने के लिए बेवजह के मुद्दे उठा रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली निजता के हनन की बात करते हैं, लेकिन वास्तव में निजता का हनन तो कांग्रेस सरकार के समय होता था। उस दौरान सरकार पर आरोप लगे थे कि तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा फोन रिकॉर्डिंग कराई जा रही थी। जब उस समय के एसीएस (गृह) ने इसका विरोध किया तो उन्हें हटा दिया गया और इनाम स्वरूप मुख्य सचिव बना दिया गया।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि मौजूदा सरकार में सभी कार्य पारदर्शिता के साथ हो रहे हैं। विधानसभा में लगे कैमरे सभी के लिए हैं और इसका उद्देश्य केवल पारदर्शिता और सुचारु कार्यवाही सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय जब विधानसभा की कार्यवाही का यूट्यूब प्रसारण शुरू हुआ, तब भाजपा ने भी उसकी तारीफ की थी। अब कैमरे लगाने पर कांग्रेस का विरोध करना सिर्फ राजनीति है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने विपक्ष से अपील की कि अगली बार जब विधानसभा सत्र चले तो वे वास्तविक मुद्दे लेकर आएं और विकसित राजस्थान के निर्माण में सहयोगी बनें। उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है कि विपक्ष ने सदन को जानबूझकर बाधित किया और यह लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।