



जयपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सांसद और सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने जयपुर स्थित विधायक आवास खाली कराने की कार्यवाही को राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी है। हाईकोर्ट में दाखिल याचिका पर संभवत: अगले सप्ताह सुनवाई हो सकती है।
याचिका में बेनीवाल की ओर से कहा गया है कि संपदा अधिकारी द्वारा अपनाई जा रही प्रक्रिया में प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत का पालन नहीं किया जा रहा है। इस आधार पर उन्होंने संपदा अधिकारी के नोटिस और उसके आधार पर की जा रही कार्रवाई को रद्द करने की मांग की है।
बेनीवाल की ओर से दायर याचिका में कहा गया कि संपदा अधिकारी ने उन्हें 1 जुलाई को विधायक आवास खाली करने का नोटिस जारी किया था। इस नोटिस पर पहली सुनवाई 11 जुलाई को हुई। इसके बाद अधिकारी अनावश्यक रूप से जल्दबाजी में कार्रवाई कर रहे हैं।
याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनकी ओर से दायर आवेदनों को मनमाने तरीके से अपमानजनक टिप्पणियों के साथ खारिज किया गया। यह आचरण संपदा अधिकारी के पूर्वाग्रह और पक्षपात को दर्शाता है।