



जयपुर। राजस्थान पुलिस में 10 हजार कांस्टेबल पदों पर भर्ती के लिए शनिवार और रविवार को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 5.24 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती में कांस्टेबल (सामान्य, चालक, बैंड, पुलिस दूरसंचार) के साथ-साथ हाल ही में गठित तीन महिला बटालियनों — अमृता देवी, कालीबाई और पदमिनी देवी — के पद भी सम्मिलित हैं।
पुलिस मुख्यालय ने सभी विंग को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। एडीजी (भर्ती बोर्ड) बिपिन कुमार पांडे और एडीजी (एसओजी) वी.के. सिंह ने संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए 33% आरक्षण का प्रावधान किया है। इसके तहत कुल 3,303 पद महिलाओं के लिए रखे गए हैं।
शनिवार (13 सितम्बर): दोपहर 3 से 5 बजे तक, 1,05,846 उम्मीदवार, 9 शहरों के 280 केंद्रों पर।
रविवार (14 सितम्बर): पहली पारी (सुबह 10 से दोपहर 12 बजे): 2,09,987 उम्मीदवार, 21 शहरों के 582 केंद्रों पर।दूसरी पारी (दोपहर 3 से शाम 5 बजे): 2,08,907 उम्मीदवार, 21 शहरों के 580 केंद्रों पर।
सभी परीक्षा केन्द्र CCTV से कवर किए गए हैं और पुलिस मुख्यालय स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया है।उम्मीदवारों को प्रवेश सघन तलाशी और बायोमैट्रिक जांच के बाद ही मिलेगा।सभी केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं ताकि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस निष्क्रिय हो सकें।ड्यूटी स्टाफ को विशेष पहचान पत्र जारी किए गए हैं।प्रश्न पत्र 9 स्तर की पैकिंग में सुरक्षित रखे गए हैं।प्रश्न पत्र संग्रहण हेतु बनाए गए अस्थायी ट्रेजरी रूम को CCTV और हथियारबंद गार्ड से सुरक्षित किया गया है।सामग्री की लोडिंग और अनलोडिंग की वीडियोग्राफी कर मुख्यालय से ऑनलाइन निगरानी की जा रही है।