



जयपुर। जयपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। सोडाला थाना क्षेत्र में आर्मी से रिटायर्ड जवान ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पेट में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान भुवनेश जाट (40), निवासी हटवाड़ा लक्ष्मीनगर के रूप में हुई है।
सोडाला SHO राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि भुवनेश जाट मूलत: हिंडौन के बड़खेड़ा के रहने वाले थे और वर्तमान में पत्नी व बेटे के साथ लक्ष्मीनगर में किराए के मकान में रहते थे। वे आर्मी से रिटायरमेंट के बाद सी-स्कीम स्थित एक गोल्ड कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे।
शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे उनकी पत्नी किसी काम से बाहर गई हुई थीं और बेटा कंप्यूटर क्लास गया हुआ था। इस दौरान घर पर अकेले भुवनेश ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और अपनी लाइसेंसी बंदूक से पेट में गोली मार ली।
बंद कमरे से गोली चलने की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। पड़ोसियों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन आगे और पीछे दोनों गेट बंद मिले। कुछ देर बाद पत्नी और बेटा भी घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने धक्का देकर गेट खोला तो अंदर फर्श पर खून से लथपथ भुवनेश का शव पड़ा मिला। उनकी बंदूक बेड पर रखी हुई थी। मौके पर पहुंची FSL टीम ने साक्ष्य जुटाए।
प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि भुवनेश ने बेड पर एक पैर रखकर बंदूक को पेट पर टिकाया और ट्रिगर दबा दिया। गोली लगते ही वह जमीन पर गिरकर मौके पर ही मृत हो गए।