



जयपुर। राजस्थान की लोक संस्कृति और महिला सशक्तिकरण को नई पहचान दिलाने के लिए जयपुर में 15 नवंबर को पहली बार घूमर फेस्टिवल 2025 का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल और उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी के निर्देशन में इसकी तैयारियां जोरों पर हैं।
जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई बैठक में फेस्टिवल की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। मुख्य आयोजन स्थल के लिए चित्रकूट स्टेडियम, पोलो ग्राउंड और भवानी निकेतन कॉलेज ग्राउंड पर विचार किया जा रहा है।
प्रतिभागियों का ऑनलाइन पंजीकरण 15 सितंबर से शुरू होगा। प्रत्येक संस्था अधिकतम 20 प्रतिभागियों का समूह पंजीकृत करा सकेगी। पंजीकृत संस्थाओं को 500 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा 9 से 13 नवंबर तक विभिन्न कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
पर्यटन विभाग की ओर से टेंट, लाइट, साउंड और सजावट की व्यवस्था की जाएगी। प्रतिभागियों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था होगी, वहीं कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, साफ-सफाई, बिजली और शौचालय की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। सुरक्षा के लिए पुलिस बल, चिकित्सा दल और आपातकालीन सेवाएं मौजूद रहेंगी।
फेस्टिवल में फूड स्टॉल और स्मारिका की दुकानें भी लगेंगी। आयोजन की निरंतर समीक्षा के लिए विशेष ज्यूरी का गठन किया जाएगा। पर्यटन विभाग इस मौके पर फेस्टिवल का आधिकारिक गीत भी जारी करेगा।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर मुकेश कुमार मूंड, पुलिस विभाग, पीडब्ल्यूडी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर निगम, जेवीएनएल सहित रोटरी क्लब, लायंस क्लब, शैक्षिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और एनजीओ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी सहयोग और सक्रिय भागीदारी से कार्य करने के निर्देश दिए ताकि यह फेस्टिवल राजस्थान की धरोहर और संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सके।