Saturday, 29 August 2026

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का आरोप – वसुंधरा राजे समर्थक विधायकों की कराई जा रही जासूसी


नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का आरोप – वसुंधरा राजे समर्थक विधायकों की कराई जा रही जासूसी

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच जासूसी विवाद एक बार फिर गरमा गया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने गुरुवार को सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि न केवल विपक्षी विधायकों की बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से संपर्क में रहने वाले विधायकों की भी जासूसी कराई जा रही है।

जूली ने सदन में कहा कि यह सरकार हमारी गतिविधियों पर निगरानी रख रही है। यहां तक कि यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि कौन विधायक वसुंधरा राजे के संपर्क में है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री राजे के प्रति सत्ता पक्ष के व्यवहार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब राजे विधानसभा आईं और लॉबी में बैठी थीं, तब सदन के नेता वहां से गुजर गए, लेकिन शिष्टाचारवश भी उनसे मिलने नहीं गए।

जासूसी का पुराना आरोप फिर उठा

मानसून सत्र के आखिरी दिन भी विपक्ष ने सदन में जासूसी का मुद्दा उठाया था। जूली ने आरोप लगाया कि विपक्ष की निगरानी के लिए दो अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं, जिनका यूट्यूब एक्सेस तक उपलब्ध नहीं कराया गया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सफाई देते हुए कहा था कि कैमरे पहले से लगे हुए हैं और निजता का हनन नहीं होता।

कानून मंत्री का पलटवार

विधानसभा में कानून मंत्री जोगाराम पटेल ने जूली के आरोपों को बेबुनियाद बताया और पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो नेता आरोप लगा रहे हैं, वे पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी से पूछें, जिन्होंने खुद स्वीकार किया था कि उनकी मार्फत विपक्षी नेताओं और अन्य जनप्रतिनिधियों के फोन टैप करवाए जाते थे। पटेल ने यह भी कहा कि राजे के सुरक्षा अधिकारी और उनका बेटा पेपर लीक मामले में पकड़े जा चुके हैं, ऐसे में ऐसे आरोप शोभा नहीं देते।

एक्स्ट्रा कैमरों पर सफाई

पटेल ने स्पष्ट किया कि विधानसभा भवन में कैमरे उसकी स्थापना के समय से लगे हुए हैं। मौजूदा तकनीक के मुताबिक इन्हें अपग्रेड किया गया है ताकि सदन का 360 डिग्री व्यू मिल सके। विपक्ष इस पर गलत और भ्रामक आरोप लगा रहा है।

Previous
Next

Related Posts