



राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने गुरुवार को लिपिक ग्रेड-द्वितीय/ कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा 2024 के अंतिम परिणाम के आधार पर 60 अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। आयोग सचिव ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 25 सितम्बर 2025 तक अपना कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य है। यदि कोई अभ्यर्थी नियत समय पर ज्वाइन नहीं करता है, तो उसका नियुक्ति आदेश स्वतः निरस्त माना जाएगा।
चयनित लिपिकों को दो वर्ष की अवधि के लिए प्रोबेशनर ट्रेनी के रूप में अस्थायी नियुक्ति दी जाएगी। इस दौरान उन्हें विभागीय सेवा नियमों और शर्तों का पालन करना होगा।
दस्तावेज़: अभ्यर्थियों को कार्यभार ग्रहण करते समय सभी मूल शैक्षणिक दस्तावेज़, प्रमाण पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र और दो हालिया पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करने होंगे।
शपथ-पत्र: अभ्यर्थियों को ₹ 50/- के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र देना होगा जिसमें दी गई सूचनाओं की सत्यता की पुष्टि, आपराधिक प्रकरण की जानकारी, धूम्रपान नहीं करने, दहेज न लेने और 1 जून 2002 के बाद दो से अधिक संतान न होने का उल्लेख करना अनिवार्य होगा।
स्वास्थ्य एवं चरित्र प्रमाण-पत्र: अभ्यर्थियों को अपने जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र तथा अंतिम शिक्षण संस्थान और दो उत्तरदायी व्यक्तियों द्वारा दिए गए चरित्र प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होंगे।
पुलिस सत्यापन: ज्वाइनिंग के 15 दिनों के भीतर अभ्यर्थी को पुलिस विभाग द्वारा जारी ऑनलाइन चरित्र सत्यापन प्रमाण पत्र आयोग कार्यालय में जमा कराना होगा।
दस्तावेज़ों की जांच: किसी भी स्तर पर दस्तावेज़ असत्य या फर्जी पाए जाने पर अभ्यर्थी की सेवा तत्काल समाप्त कर दी जाएगी और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
आयोग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से समय पर ज्वाइनिंग की अपेक्षा जताई है ताकि नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण कर विभागों में पदस्थापन किया जा सके।