



जयपुर। स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की माता स्नेहलता सिंह का शुक्रवार को 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रही थीं और जयपुर के दुर्लभजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सांस लेने में तकलीफ और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें हाल ही में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उपचार के दौरान आज उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिजनों और सूत्रों के मुताबिक, निधन की खबर के बाद चिकित्सा विभाग से जुड़े कई वरिष्ठ डॉक्टर और अधिकारी अस्पताल पहुंचे। मंत्री खींवसर ने स्वयं इस दुखद घटना की जानकारी सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की।
गौरतलब है कि इसी वर्ष जून में मंत्री खींवसर की धर्मपत्नी प्रीति कुमारी का भी निधन हो गया था, जिससे परिवार पहले से ही गहरे सदमे में था। अब माता स्नेहलता सिंह के निधन से परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, स्नेहलता सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव खींवसर ले जाया जाएगा, जहां शनिवारउनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचेंगे।