



जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग स्कूल छात्रा से रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय पीड़िता स्कूल से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया। आरोपी छात्रा को एक सुनसान मकान में ले गया, जहां उसने उसके साथ रेप किया। इस दौरान आरोपी ने छात्रा को धमकी दी कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा।
डरी-सहमी पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और उसने पूरी घटना अपने परिवार को बताई। इसके बाद पीड़िता के पिता ने करधनी थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली है।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है। SHO सवाई सिंह इस मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।