Saturday, 29 August 2026

दिल्ली में खराब मौसम के कारण अमित शाह का विमान जयपुर डायवर्ट, सीएम भजनलाल शर्मा पहुंचे एयरपोर्ट


दिल्ली में खराब मौसम के कारण अमित शाह का विमान जयपुर डायवर्ट, सीएम भजनलाल शर्मा पहुंचे एयरपोर्ट

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का सोमवार शाम दिल्ली लौटते समय विमान खराब मौसम के कारण अचानक जयपुर एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा। दरअसल, अमित शाह रविवार शाम जम्मू पहुंचे थे और सोमवार को उन्होंने जम्मू-कश्मीर में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा किया। गृह मंत्री तवी पुल और बिक्रम चौक क्षेत्र पहुंचे, जहां दुकानों, गोदामों और निजी संपत्तियों को करोड़ों का नुकसान हुआ है। दौरे के बाद जब वह दिल्ली लौट रहे थे, तभी राजधानी में तेज आंधी और बारिश के कारण उनका विमान बीच रास्ते से जयपुर भेज दिया गया। जयपुर एयरपोर्ट पर विमान सुरक्षित उतरा और सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तुरंत वीआईपी स्टेट हैंगर पहुंचे।

यहां उन्होंने गृह मंत्री से विमान के भीतर ही मुलाकात की। उनके साथ मुख्य सचिव और आयुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। फिलहाल गृह मंत्री विमान से बाहर नहीं उतरे हैं। बताया जा रहा है कि यदि दिल्ली का मौसम देर रात तक भी खराब रहा तो अमित शाह का जयपुर में ही रात्रि विश्राम हो सकता है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सड़क मार्ग से दिल्ली ले जाने का विकल्प भी देखा जा रहा है।

    Previous
    Next

    Related Posts