Saturday, 29 August 2026

अतिवृष्टि प्रभावित हरियाणा-पंजाब को राजस्थान का सहयोग, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले – हरसंभव मदद देंगे


अतिवृष्टि प्रभावित हरियाणा-पंजाब को राजस्थान का सहयोग, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले – हरसंभव मदद देंगे

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से दूरभाष पर वार्ता कर अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राजस्थान सरकार संवेदनशीलता और तत्परता के साथ दोनों राज्यों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने दोनों मुख्यमंत्रियों से क्रमशः हरियाणा के अतिवृष्टि प्रभावित जिलों और पंजाब के फाजिल्का, फिरोजपुर सहित अन्य क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने सतलज, व्यास और रावी नदियों के जल स्तर बढ़ने से उत्पन्न संकट पर भी विस्तार से बातचीत की।

मुख्यमंत्री शर्मा ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से जलभराव के कारण हुए नुकसान और चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार अपने सीमावर्ती क्षेत्रों से हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों को हरियाणा और पंजाब के प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी इस संबंध में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए कहा गया है।

Previous
Next

Related Posts