



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ फेलिक्स दा नोब्रेगा ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों के बीच औद्योगिक निवेश और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने राजस्थान में औद्योगिक क्षेत्र की संभावनाओं और राज्य सरकार द्वारा निवेश प्रोत्साहन के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राजस्थान प्राकृतिक संसाधनों, सौर ऊर्जा, खनिज संपदा और कृषि उत्पादन की दृष्टि से समृद्ध राज्य है, जहां निवेशकों के लिए असीम अवसर उपलब्ध हैं।
ब्राजील के राजदूत नोब्रेगा ने भी भारत और ब्राजील के बीच आपसी सहयोग, विशेषकर कृषि, खनिज, ऊर्जा और औद्योगिक क्षेत्रों में साझेदारी को लेकर सकारात्मक रूख व्यक्त किया। उन्होंने राजस्थान के औद्योगिक विकास मॉडल में गहरी रुचि दिखाई और कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने राजदूत का स्वागत करते हुए कहा कि राजस्थान सरकार ‘विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है और इस कड़ी में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।