



जयपुर। सब इंस्पेक्टर भर्ती-2021 को हाईकोर्ट द्वारा रद्द किए जाने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने इस फैसले को युवाओं की जीत और अपने लंबे संघर्ष का परिणाम बताया। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) प्रमुख हनुमान बेनीवाल और पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष स्पर्धा चौधरी पर पेपर लीक में शामिल होने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि RLP से जुड़ी रह चुकी स्पर्धा चौधरी ने पेपर लीक कराए थे। इस मामले को लेकर मैं जल्द ही बड़ा खुलासा करूंगा। युवाओं के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात इन्हीं लोगों ने किया।”
किरोड़ी ने आगे कहा कि RLP कार्यकर्ताओं को भी गलत तरीके से नियुक्ति दिलाने का काम किया गया था। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े कई बड़े नाम और साक्ष्य सार्वजनिक किए जाएंगे।
हाईकोर्ट द्वारा भर्ती रद्द किए जाने के बाद विपक्ष और सरकार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं। किरोड़ी लाल मीणा के इन बयानों से RLP और भाजपा के बीच टकराव और गहराने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और राजनीतिक खुलासे हो सकते हैं।