Monday, 25 August 2025

पूर्व न्यायाधीश भंडारी की पुस्तक का अर्जुन राम मेघवाल किया लोकार्पण: बोले – लंबित मामलों के समाधान के लिए शाम की अदालतों की जरूरत


पूर्व न्यायाधीश भंडारी की पुस्तक का अर्जुन राम मेघवाल किया लोकार्पण: बोले – लंबित मामलों के समाधान के लिए शाम की अदालतों की जरूरत

जयपुर। ओटीएस परिसर स्थित बीएस मेहता सभागार में शनिवार को रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश गणपत सिंह भंडारी की पुस्तक त्वरित न्याय: एक पूर्व न्यायाधीश की स्मृतियां” का लोकार्पण किया । इस अवसर पर न्यायपालिका, प्रशासन और समाजसेवा से जुड़े कई दिग्गज मौजूद रहे।

केंद्रीय विधि मंत्री ने उठाया शाम की अदालतों का मुद्दा: कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि देश में न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके समाधान के लिए शाम की अदालतों की व्यवस्था पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। इसमें सेवानिवृत्त न्यायाधीश महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा – “न्याय केवल त्वरित ही नहीं, बल्कि निष्पक्ष होना भी आवश्यक है। जल्दबाजी में दिया गया निर्णय भी न्याय की हत्या हो सकता है।”

जस्टिस एसपी शर्मा ने कहा कि यह लोकार्पण केवल पुस्तक विमोचन नहीं, बल्कि न्यायिक सुधारों की शुरुआत है।
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश गणपत सिंह सिंघवी, बीएमवीएसएस-जयपुर फुट के संस्थापक डॉ. डी.आर. मेहता, पूर्व लोकायुक्त न्यायमूर्ति एस.एस. कोठारी, न्यायाधीश प्रकाश गुप्ता और जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जोसेफ भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

लेखक गणपत सिंह भंडारी ने अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा तेज और निष्पक्ष न्याय में विश्वास किया। उन्होंने अभियुक्तों के हस्तलिखित बयान, घटनास्थल का निरीक्षण और अदालत में चेतावनियां जारी करने जैसे अनुभवों को पुस्तक में शामिल किया है।

प्रो. रमेश अरोड़ा ने कहा कि यह संस्मरण युवा अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

RANA - न्यूयॉर्क, अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने घोषणा की कि पुस्तक को राजस्थान की न्यायपालिका में वितरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत में मुकदमे पीढ़ियों तक चलते रहते हैं, ऐसे में भंडारी का कार्यप्रणाली मॉडल पूरे देश में लागू होना चाहिए।

समारोह में प्लांटेशन बोर्ड के अध्यक्ष सर्वेश शर्मा और निदेशक प्रवीण शर्मा ने प्रेम भंडारी की ओर से लेखक का सम्मान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने पुस्तक को न्यायपालिका और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान बताया।

Previous
Next

Related Posts