Saturday, 29 August 2026

जयपुर मेट्रो फेज-2 को जल्द मिलेगी केंद्र की मंजूरी:13 हजार करोड़ से अधिक की लागत, 42.80 किमी रूट पर बनेंगे 36 स्टेशन


जयपुर मेट्रो फेज-2 को जल्द मिलेगी केंद्र की मंजूरी:13 हजार करोड़ से अधिक की लागत, 42.80 किमी रूट पर बनेंगे 36 स्टेशन

जयपुर। जयपुर की लंबे समय से अटकी जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना को जल्द ही केंद्र सरकार से 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मंजूरी मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय शहरी आवासन मंत्री मनोहरलाल खट्टर के बीच लगातार हुई 3 बैठकों का अब सकारात्मक असर दिखने लगा है।

शनिवार को केंद्रीय शहरी परिवहन विभाग के विशेषाधिकारी जयदीप जयपुर पहुंचे। उन्होंने मेट्रो कार्यों का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर फेज-2 पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को जल्द ही अंतिम स्वीकृति मिलने की संभावना है।

 फेज-2 की प्रमुख योजना

  • रूट: टोंक रोड स्थित टोडी मोड़ से प्रहलादपुरा तक

  • लंबाई: 42.80 किमी

  • स्टेशन: कुल 36 प्रस्तावित स्टेशन, जिनमें से 2 अंडरग्राउंड होंगे

  • निवेश मॉडल: केंद्र सरकार और राज्य सरकार का 20-20% योगदान
    60% राशि: केंद्र सरकार की गारंटी से लिए जाने वाले लोन से पूरी होगी

फेज-2 के लिए मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री की मुलाकातों में इस बात पर जोर दिया गया कि डीपीआर का शीघ्र अनुमोदन हो, ताकि कार्य जल्द शुरू हो सके।

ट्रैफिक समस्या से मिलेगी राहत

फेज-2 का रूट टोंक रोड जैसे घनी ट्रैफिक वाले क्षेत्र से होकर गुजरेगा। इससे राजधानी जयपुर की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि फेज-1 का काम राज्य सरकार ने अपने स्तर पर पूरा किया था, जबकि फेज-2 को केंद्र-राज्य संयुक्त उपक्रम मॉडल के तहत विकसित किया जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts