



हिसार। हरियाणा के हिसार में एक पुलिस कर्मचारी के घर पर पोते के जन्म की खुशी मातम में बदल गई, जब बधाई देने पहुंचे किन्नरों ने 1 लाख रुपए की डिमांड कर दी। परिवार के मना करने पर जमकर हंगामा हुआ और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार पोते के जन्म की खुशी में किन्नर परिवार के घर पहुंचे। शुरुआत में उन्होंने 1 लाख रुपए से एक रुपया भी कम न लेने की बात कही। परिवार की आर्थिक स्थिति का हवाला देकर मना करने पर किन्नरों ने डिमांड घटाकर 51 हजार रुपए कर दी।
परिवार ने साफ कह दिया कि इतने पैसे देना संभव नहीं है। उन्होंने 5 हजार रुपए दिए और 2 हजार अतिरिक्त देने की बात कही, लेकिन किन्नर अपनी जिद पर अड़े रहे।
करीब 2 घंटे तक चले हंगामे के बाद परिवार ने शर्म और दबाव में पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तो किन्नरों के तेवर नरम पड़ गए। पुलिस की मौजूदगी में आखिरकार किन्नर परिवार की मर्जी से दिए गए पैसों पर राजी हो गए और मामला शांत हुआ।