



जयपुर। जयपुर में शनिवार को लगातार दूसरे दिन झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। सुबह से शुरू हुई बारिश ने 12 घंटे तक रफ्तार बनाए रखी। कभी तेज और कभी हल्की-मध्यम बारिश के सिलसिले ने शहर को तरबतर कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा और मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार कलेक्ट्रेट इलाके में 45 मिमी, आमेर में 37.1 मिमी और सांगानेर में 36 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव और जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। शहरवासियों को यातायात बाधाओं का सामना करना पड़ा।

जयपुर और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश का असर बीसलपुर बांध पर भी दिखा। भारी जल आवक के चलते शनिवार सुबह बांध के गेट नंबर 7 से 12 तक दो-दो मीटर खोले गए। इसके जरिए प्रति सेकंड लगभग 72,000 क्यूसेक पानी की निकासी की गई। इसके परिणामस्वरूप त्रिवेणी नदी का जलस्तर बढ़कर 4 मीटर तक पहुंच गया है।
बारिश की वजह से आमेर क्षेत्र में स्थित हाथी स्टैंड से सटी रामबाग की करीब 100 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची दीवार भरभराकर गिर गई। जोरदार आवाज और मलबा गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। सौभाग्य से उस समय वहां कोई पर्यटक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।दीवार गिरने से पास में खड़ी दो बाइकें मलबे में दब गईं। यह दीवार पहले भी कई बार जीर्णोद्धार की प्रक्रिया से गुजर चुकी थी।
घटना के बाद आमेर महल प्रशासन ने हाथी स्टैंड वाले क्षेत्र में बैरिकेड्स लगाकर आमद-रफ्त रोक दी। अगले आदेश तक आमेर किले में हाथी सवारी पर रोक लगा दी गई है। अब हाथी गांव में ही सवारी कराई जाएगी।