Thursday, 28 August 2025

पंचायत और निकाय चुनाव से पहले रालोपा की हुंकार: कांग्रेस-भाजपा के खिलाफ प्रदेशभर में रैली करेगी पार्टी


पंचायत और निकाय चुनाव से पहले रालोपा की हुंकार: कांग्रेस-भाजपा के खिलाफ प्रदेशभर में रैली करेगी पार्टी

जयपुर। राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) ने कांग्रेस और बीजेपी दोनों के खिलाफ बड़ा राजनीतिक अभियान छेड़ने का ऐलान किया है। शनिवार को जयपुर में सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रेसवार्ता कर कहा कि रालोपा प्रदेशभर में रैलियां कर कांग्रेस और भाजपा  को सीधी चुनौती देगी।

बेनीवाल का भाजपा पर तंज, कांग्रेस पर हमला: बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की नजदीकियों पर तंज कसते हुए कहा कि “डॉ. मीणा अब भजनलाल जी के काफी नजदीक आ गए हैं। उनका लक्ष्य अब सिर्फ मुख्यमंत्री के साथ हवाई जहाज में घूमना रह गया है। हम लड़ते हैं तो पीछे नहीं हटते, चाहे जान ही क्यों न चली जाए। लेकिन डॉ. साहब लड़कर लौट आते हैं।”

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बेनीवाल ने कहा कि वह भाजपा के आगे नतमस्तक हो चुकी है। अब कांग्रेस के पास “वोट चोरी” के अलावा कोई दूसरा नारा नहीं बचा है।

122 दिन से जारी SI भर्ती परीक्षा का धरना: बेनीवाल ने कहा कि जयपुर में सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में धांधली को लेकर युवाओं का धरना 122 दिन से जारी है। इस मुद्दे पर राज्यपाल से मुलाकात की गई। लोकसभा में भी RPSC के पुनर्गठन की मांग उठाई गई।

पेपर लीक प्रकरण में कई नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्री के पीएसओ का नाम सामने आ चुका है। उन्होंने व्यंग्य कसते हुए कहा  कि आज दूध, चाय और किराने की दुकानों पर कॉपियां चेक हो रही हैं। कई कॉपियां तो गाय खा चुकी हैं। लेकिन सरकार इस पर भी सकारात्मक रुख नहीं अपना रही।

फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट की भी जांच की मांग: बेनीवाल ने आरोप लगाया कि पूर्व कांग्रेस सरकार में फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट लेकर कई लोगों को सरकारी नौकरी मिली। उन्होंने कहा  कि कौन सही है और कौन गलत, जनता के मन में संशय है। सरकार को इस पूरे मामले की जांच करनी चाहिए।

पंचायत चुनाव में जीत का दावा: बेनीवाल ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा पंचायत चुनाव को मुद्दों से भटकाना चाहती हैं। लेकिन इस बार युवा और जनता कांग्रेस-बीजेपी की रैंक निकाल देंगे।
उन्होंने कहा  कि 2028 तक रालोपा नई ताकत के रूप में खड़ी होगी और कांग्रेस-भाजपा  के नेताओं को घर बैठा देगी। इसके लिए हम सभी छोटे-बड़े दलों के साथ मिलकर प्रदेशभर में रैलियां करेंगे।”

Previous
Next

Related Posts