Thursday, 21 August 2025

पत्नी बॉबी राय ने जीजा अनुज चौधरी के साथ मिलकर पति का कराया कत्ल, पत्नी और जीजा गिरफ्तार


पत्नी बॉबी राय ने जीजा अनुज चौधरी के साथ मिलकर पति का कराया कत्ल, पत्नी और जीजा गिरफ्तार

जयपुर। फिल्मों जैसी कहानी हकीकत में भी सामने आई, जब भिवाड़ी पुलिस ने महज 24 घंटे में एक ब्लाइंड मर्डर केस सुलझाकर मिसाल पेश की। मामला संतरा कॉलोनी, सांथलका का है, जहाँ किराए पर रह रहे गुड्डू राय की हत्या का राज खुलते ही सब हैरान रह गए। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की मास्टरमाइंड मृतक की पत्नी बॉबी राय निकली, जिसने अपने जीजा अनुज चौधरी के साथ मिलकर पति का कत्ल कराया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गुरुवार सुबह किरायेदार राजपाल ने पुलिस को सूचना दी कि उनके किराएदार गुड्डू राय का कमरा बाहर से बंद है। खिड़की से झाँकने पर वह संदिग्ध अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। पुलिस मौके पर पहुँची, ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हुई। कमरे में गुड्डू राय मृत अवस्था में मिले, जिनके चेहरे और गले पर गंभीर चोट के निशान थे।

राजपाल ने बताया कि गुड्डू और उसकी पत्नी बॉबी ने 1 अगस्त 2025 को ही यह मकान किराए पर लिया था और महज 20 दिन से रह रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे और घटना के बाद बॉबी अपने जीजा अनुज चौधरी के साथ गायब थी, जिससे शक और गहराया।

एसपी प्रशांत किरण और एएसपी अतुल शाहू के निर्देश पर थानाधिकारी सत्यनारायण के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच में पुलिस ने मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में बॉबी और अनुज की संदिग्ध गतिविधियाँ कैद हुईं। इसके साथ मुखबिरों की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले।

पुलिस ने बॉबी राय (40) और उसके जीजा अनुज चौधरी (64) पुत्र मोहन चौधरी, निवासी भागलपुर (बिहार), हाल संतरा कॉलोनी, सांथलका, थाना भिवाड़ी फेज-3 को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद और व्यक्तिगत संबंधों के कारण ही उन्होंने हत्या की साजिश रची थी।

इस जटिल केस को 24 घंटे में सुलझाने में पुलिस टीम के कई सदस्यों की भूमिका अहम रही। विशेष रूप से हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार और अजीत सिंह की सतर्कता और मेहनत से सुराग मिले और केस का खुलासा हुआ।

Previous
Next

Related Posts