Thursday, 21 August 2025

जयपुर नगर निगम हेरिटेज में फेरबदल, सफाई व्यवस्था पर मुख्यमंत्री भजनलाल की नाराजगी के बाद कार्रवाई


जयपुर नगर निगम हेरिटेज में फेरबदल, सफाई व्यवस्था पर मुख्यमंत्री भजनलाल की नाराजगी के बाद कार्रवाई

जयपुर। जयपुर नगर निगम हेरिटेज में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नाराजगी के बाद स्वास्थ्य शाखा उपायुक्त देवानंद शर्मा को हटा दिया गया है। उनकी जगह सीनियर RAS अधिकारी युगांतर शर्मा को स्वास्थ्य उपायुक्त का एडिशनल चार्ज दिया गया है। वहीं, तनुजा सोलंकी को लैंड उपायुक्त नियुक्त किया गया है।

सफाई व्यवस्था पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नाराजगी: जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार दो दिन परकोटे क्षेत्र में पहुंचे थे। इस दौरान शहर की सफाई व्यवस्था से वे असंतुष्ट रहे। मुख्यमंत्री ने इस मामले पर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों को फटकार लगाई। नाराजगी के बाद शोभायात्रा समाप्त होने के उपरांत पूरी रात निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी सफाई व्यवस्था सुधारने में जुटे रहे। यहां तक कि कलेक्टर और निगम कमिश्नर भी देर रात तक फील्ड में मौजूद रहे।

निगम कमिश्नर निधि पटेल ने आदेश जारी कर देवानंद शर्मा को स्वास्थ्य शाखा और उपायुक्त पद से हटाकर राजस्व अधिकारी के पद पर स्थानांतरित किया है।उनकी जगह युगांतर शर्मा को आदर्श नगर जोन के साथ ही स्वास्थ्य उपायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लैंड शाखा में भी बदलाव किया गया है। अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रही RAS अधिकारी सरिता मल्होत्रा से पदभार हटाकर इसे तनुजा सोलंकी को सौंपा गया है।कविता चौधरी को मुख्यालय के साथ कार्मिक उपायुक्त का एडिशनल चार्ज दिया गया है।
नगर निगम हेरिटेज में प्रशासनिक फेरबदल कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी पदों की अदला-बदली को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं। खासकर RAS अधिकारी युगांतर शर्मा को पहले भी स्वास्थ्य उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन कुछ ही घंटों में आदेश बदल दिया गया था।

इसी तरह, भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने स्वास्थ्य उपायुक्त रहे देवानंद शर्मा के खिलाफ लगातार मोर्चा खोला हुआ था। ताजा फेरबदल को इन विवादों और मुख्यमंत्री की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts