



नई दिल्ली: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की बिहार में वोटर्स लिस्ट स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद विपक्ष ने उन पर हमला तेज कर दिया है। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. ब्लॉक अब उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहा है।
सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक हुई, जिसमें इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (TMC), समाजवादी पार्टी (सपा), DMK और राजद समेत 8 विपक्षी दलों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसके साथ ही 20 विपक्षी दलों के हस्ताक्षर से एक संयुक्त बयान भी जारी किया गया।
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा कि “CEC भाजपा प्रवक्ता की तरह बोल रहे हैं।” वहीं, TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बताया कि संसद के मौजूदा मानसून सत्र में सिर्फ तीन दिन शेष हैं और महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए 14 दिन पहले नोटिस देना आवश्यक होता है। इसलिए, विपक्ष ने साफ किया कि अब इस प्रस्ताव को शीतकालीन सत्र में लाया जाएगा।