जयपुर। जयपुर में पुलिस ने एक कैफे की आड़ में चल रहे हुक्का-बार का पर्दाफाश किया है। श्याम नगर थाना पुलिस ने रविवार देर रात निर्माण नगर स्थित वैलेसिंया कैफे पर दबिश दी, जहां युवाओं को फ्लेवर तंबाकू परोसा जा रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में हुक्के और फ्लेवर तंबाकू बरामद किए तथा कैफे मैनेजर को गिरफ्तार किया।
कैफे की आड़ में हुक्का-बार: एसएचओ श्याम नगर दलबीर सिंह ने बताया कि कैफे का संचालन निर्माण नगर में कोटक महिंद्रा बैंक के ऊपर पांचवीं मंजिल पर किया जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैफे की आड़ में अवैध हुक्का-बार चल रहा है। पुलिस टीम ने जब दबिश दी तो बड़ी संख्या में युवा हुक्का पीते हुए मिले।
कैफे मैनेजर गिरफ्तार, 16 युवाओं पर कार्रवाई: पुलिस ने कैफे मैनेजर तरुण शर्मा (25) को गिरफ्तार किया। मौके से उपयोग में लिए जा रहे हुक्के, पाइप और फ्लेवर तंबाकू के डिब्बे जब्त किए गए। इसके अलावा हुक्का पीते पाए गए 16 युवाओं का चालान काटा गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि युवाओं में नशे की प्रवृत्ति रोकने के लिए ऐसे अवैध हुक्का-बार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में अन्य स्थानों पर भी इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।