Saturday, 29 August 2026

मोती डूंगरी गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी उत्सव 20 से 28 अगस्त तक, भव्य झांकी और शोभा यात्रा आकर्षण का केंद्र


मोती डूंगरी गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी उत्सव 20 से 28 अगस्त तक, भव्य झांकी और शोभा यात्रा आकर्षण का केंद्र

जयपुर। जयपुर के प्रसिद्ध प्रथम पूज्य श्री मोती डूंगरी गणेश मंदिर में इस वर्ष गणेश चतुर्थी पर्व भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी, बुधवार 27 अगस्त को मनाया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस भव्य उत्सव की शुरुआत 20 अगस्त को मोदकों की झांकी से होगी।

20 अगस्त को मोदकों की भव्य झांकी: मंदिर महंत कैलाश शर्मा ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 20 अगस्त को भगवान गणपति के समक्ष मोदकों की भव्य झांकी सजाई जाएगी। इसमें 251-251 किलो के दो विशाल मोदक आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा 51-51 किलो के 5 मोदक, 21-21 किलो के 21 मोदक और 1.25 किलो के 1100 मोदक सहित हजारों छोटे मोदक भी अर्पित किए जाएंगे। इन्हें बनाने में 2500 किलो घी, 3000 किलो बेसन, 9000 किलो शक्कर और 100 किलो सूखे मेवों का उपयोग होगा।

21 अगस्त को पुष्य नक्षत्र में पंचामृत अभिषेक: उन्होंने कहा कि जन्मोत्सव के तहत 21 अगस्त को भगवान गणेश का पंचामृत अभिषेक होगा। इसमें 251 किलो दूध, 25 किलो बूरा, 50 किलो दही, 11 किलो शहद और 11 किलो घी का उपयोग होगा। साथ ही 501 महिलाएं कलश यात्रा लेकर मोती डूंगरी पहुंचेगी।

22 से 25 अगस्त तक संगीत और नृत्य कार्यक्रम: मंदिर महंत कैलाश शर्मा ने कहा कि 22 अगस्त को शाम 7 बजे मंदिर परिसर में ध्रुपद गायन कार्यक्रम होगा। मान्यता है कि भगवान गणेश को ध्रुपद सबसे प्रिय है। 23, 24 और 25 अगस्त को शाम को कत्थक नृत्य के कार्यक्रम होंगे।

26 अगस्त को सिंजारा और मेहंदी पूजन:मंदिर महंत कैलाश शर्मा ने कहा कि 26 अगस्त को प्रथम पूज्य का सिंजारा और मेहंदी पूजन होगा। इस दिन गणपति को 3100 किलो मेहंदी धारण कराई जाएगी, जो सोजत (पाली) से मंगवाई गई है। इसके बाद श्रद्धालुओं को मेहंदी प्रसाद वितरित किया जाएगा। विशेष श्रृंगार में भगवान गणेश स्वर्ण मुकुट, नौलखा हार और चांदी के सिंहासन पर विराजेंगे।

27 अगस्त को जन्मोत्सव और 28 को शोभा यात्रा: उन्होंने कहा कि 27 अगस्त को गणेश जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह 4 बजे मंगला आरती से दर्शन प्रारंभ होंगे। इसके बाद विशेष पूजन, श्रृंगार आरती, भोग आरती, संध्या आरती और रात्री 11.30 बजे शयन आरती होगी।

मंदिर महंत कैलाश शर्मा ने कहा कि 28 अगस्त को भगवान गणेश नगर भ्रमण पर निकलेंगे। भव्य शोभा यात्रा मोती डूंगरी मंदिर से शुरू होकर एमडी रोड, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया, गणगौरी बाजार और नाहरगढ़ रोड होते हुए गढ़ गणेश मंदिर तक पहुंचेगी।


Previous
Next

Related Posts