Wednesday, 15 October 2025

पाली: रोहट में महिला और बच्ची पर ससुराल पक्ष ने छत से पत्थर बरसाए, वीडियो वायरल; दहेज प्रताड़ना का आरोप


पाली: रोहट में महिला और बच्ची पर ससुराल पक्ष ने छत से पत्थर बरसाए, वीडियो वायरल; दहेज प्रताड़ना का आरोप

पाली जिले के रोहट कस्बे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर उसके ससुराल पक्ष ने छत से पत्थर बरसाए। इस दौरान महिला की दो वर्षीय बेटी भी मौके पर मौजूद थी और बाल-बाल बच गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

कोर्ट से लौटने के बाद हुई घटना

मामला रोहट के गणपति नगर का है। पीड़ित महिला प्रियंका वैष्णव का अपने पति डॉ. धीरज वैष्णव से विवाद चल रहा है और पति ने कोर्ट में तलाक का मुकदमा दायर कर रखा है। बुधवार को जोधपुर कोर्ट से पेशी के बाद लौटकर प्रियंका जब घर पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि उनके घर के गेट पर अतिरिक्त ताला लगा हुआ है। जब उन्होंने ताला तोड़ने का प्रयास किया, तभी उनकी सास और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों ने छत से पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।

इस पत्थरबाजी में प्रियंका घायल हो गईं, हालांकि उनकी बच्ची बाल-बाल बच गई।

पुलिस को सौंपी शिकायत

घटना के बाद प्रियंका पाली पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचीं और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके ससुराल वालों को एक भोपा (तांत्रिक) भड़का रहा है, जिसके चलते परिवार में लगातार विवाद हो रहे हैं।

दहेज प्रताड़ना का भी आरोप

प्रियंका ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप भी लगाए। उनका कहना है कि पति के डॉक्टर बनने के बाद से ससुराल वाले उन्हें दहेज के लिए लगातार परेशान कर रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

पाली पुलिस ने इस पूरे मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में ससुराल पक्ष के खिलाफ नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    Previous
    Next

    Related Posts