Saturday, 29 August 2026

गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी


गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी

हरियाणा के मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर पर रविवार तड़के सुबह करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलाई गईं। हालांकि घटना के समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे, वे इस समय विदेश में हैं।

घर पर मौजूद थे मां और केयर टेकर

फायरिंग की घटना सुबह लगभग 5:30 बजे हुई। उस समय घर में एल्विश की मां और केयर टेकर मौजूद थे। गनीमत रही कि इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना ने परिवार को बेहद दहशत में डाल दिया है।

तीन नकाबपोश बदमाशों ने की गोलीबारी

गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि घटना में तीन नकाबपोश बदमाश शामिल थे। तीनों बदमाश बाइक से आए थे, जिनमें से दो ने फायरिंग की। पुलिस का कहना है कि लगभग 10 से 12 राउंड फायरिंग की गई, जबकि एल्विश के पिता का दावा है कि घर पर करीब 25-30 राउंड गोलियां दागी गईं। गोलीबारी घर के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर की गई।

परिवार और पुलिस के बयान

एल्विश का परिवार घर के सेकेंड और थर्ड फ्लोर पर रहता है। घटना के वक्त परिवार के सदस्य और केयर टेकर मौजूद थे। अब तक परिवार की ओर से न तो किसी धमकी की जानकारी दी गई है और न ही पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर कहां से आए और फायरिंग के बाद किस दिशा में फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और इलाके में तलाशी अभियान चला रही है। हालांकि इस घटना को लेकर अब तक न तो एल्विश यादव और न ही उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। अचानक हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

    Previous
    Next

    Related Posts