



जयपुर। मुहाना थाना इलाके में शनिवार देर रात सनसनीखेज वारदात हुई, जहां 30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक मनोज रैगर की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए और अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मनोज रैगर (निवासी – दुसाद नगर, मालपुरा गेट) के रूप में हुई। पुलिस को घटनास्थल पर ई-रिक्शा खड़ा मिला। वहीं मृतक के पास से ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड बरामद हुए। इसी आधार पर उसकी पहचान की गई। बताया गया कि हत्या जिस जगह हुई वह सड़क सुनसान रहती है और उसके पास क्रिकेट अकादमी स्थित है। खून से लथपथ शव को देखकर वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि घटना रंजिश का परिणाम है। हमलावरों ने मनोज का गला बेरहमी से रेत दिया, जिससे सड़क पर चारों ओर खून फैल गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की गई हैं।