अजमेर की अलवर गेट थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पल्सर बाइक चोरी के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। थाना प्रभारी नरेंद्र जाखड़ ने बताया कि गोपाल गंज रोड, नगरा निवासी शिव कुमार पुत्र नरेश कुमार ने रिपोर्ट दी थी कि रात में घर के बाहर खड़ी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपियों को टॉडगढ़ और भीम से पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में वीरेंद्र सिंह पुत्र खंगार सिंह (23) निवासी सरकारी स्कूल के पास, सरूपा, टॉडगढ़, जिला ब्यावर; शिव सिंह पुत्र राम सिंह (24) निवासी गांव बिछुदड़ा, डाबला बाड़िया बरार, थाना भीम, जिला राजसमंद; और हरीश सिंह पुत्र नारायण सिंह (21) निवासी पालड़ी बड़ा खेड़ा, थाना टॉडगढ़, जिला ब्यावर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नशे के शौक और महंगी बाइक चलाने की चाहत में यह चोरी की थी। तीनों से पूछताछ जारी है।


