जोधपुर शहर 14 अगस्त को देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा, जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गांधी मैदान से जालोरी गेट सर्किल तक ऐतिहासिक और भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। भाजपा की ओर से आयोजित इस भव्य आयोजन ने शहरवासियों में उत्साह और गर्व का संचार किया।
तिरंगा यात्रा सुबह से ही जोश और उमंग के माहौल में प्रमुख मार्गों से होकर गुज़री। शहर के विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया गया, जहां नागरिकों ने भारत माता की जय के नारों और देशभक्ति गीतों से वातावरण को गूंजा दिया। रास्ते में जगह-जगह फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया।
इस यात्रा में युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, एनसीसी कैडेट्स और दिव्यांगजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लहराते हुए सभी प्रतिभागी उन अमर शहीदों को नमन कर रहे थे, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर कहा, “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमें एकता, साहस और बलिदान की याद दिलाता है।” उन्होंने नागरिकों से देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग राज्य मंत्री केके विश्नोई, सांसद राजेंद्र गहलोत, श्री पीपी चौधरी, विधायक अतुल भंसाली, अर्जुनलाल गर्ग, नगर निगम दक्षिण महापौर सुश्री वनिता सेठ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#Live :- स्वाधीनता दिवस समारोह 2025 के अंतर्गत— एट होम, जोधपुर pic.twitter.com/1FjfI9KKrv
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) August 14, 2025