करौली। करौली में बुधवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में करौली मेडिकल कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीक्षा (35) की मौत हो गई। हादसा कलेक्ट्रेट के पास सेंट जॉन्स स्कूल के सामने रात करीब 8:15 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रॉले ने पीछे से उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से डॉ. दीक्षा सड़क पर गिर गईं और ट्रॉले का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
अस्पताल चौकी प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रॉला चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसे गुरुवार सुबह पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ट्रॉले को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
डॉ. दीक्षा की शादी 5 साल पहले जयपुर में हुई थी। उनके पति डॉ. प्रकाश लुधियाना (पंजाब) में चिकित्सक हैं। दंपत्ति की ढाई साल की एक बेटी है। इस दुखद घटना से करौली मेडिकल कॉलेज और चिकित्सा समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है।