Wednesday, 13 August 2025

भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में बड़े बदलाव के संकेत, अगस्त अंत तक हो सकती है घोषणा


भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में बड़े बदलाव के संकेत, अगस्त अंत तक हो सकती है घोषणा

जयपुर। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में व्यापक फेरबदल की तैयारी चल रही है और संकेत हैं कि अगस्त माह के अंतिम सप्ताह तक नई टीम की घोषणा हो सकती है। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपनी टीम में कुछ मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को शामिल करने की कवायद तेज कर दी है। इससे प्रदेश भाजपा के संगठन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

सूत्रों के अनुसार नई कार्यकारिणी में पूर्व विधायकों और महिला मोर्चा में सक्रिय महिलाओं को भी स्थान मिलने की संभावना है। संभावित सूची में मुकेश दाधीच, श्रवण बगड़ी और लक्ष्मीकांत भारद्वाज के नाम प्रमुख हैं। महिलाओं में अलका मूंदड़ा, संतोष अहलावत, अपूर्वा पाठक, राखी राठौड़, दीक्षा खंडेलवाल, पूजा कपिल और एकता अग्रवाल जैसे नए चेहरे दावेदारी में हैं।

इस बार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बेटे-बेटियां भी संगठन में शामिल हो सकते हैं। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री जसकोर कौर की बेटी अर्चना और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्व. मदनलाल सैनी के पुत्र के नाम चर्चा में हैं। वर्तमान टीम के सक्रिय पदाधिकारियों में नारायण पंचारिया, स्टेफी चौहान, विधायक जितेंद्र गोठवाल और एससी मोर्चा के कैलाश मेघवाल के प्रमोशन पर भी विचार हो रहा है।

भाजपा के सातों मोर्चों की सूचियों को भी अपडेट करने की तैयारी है। प्रदेश संगठन की सूची जारी होने के बाद मोर्चों में नई और पुरानी जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण होगा। मोर्चों से भी नए चेहरों को संगठन में लाए जाने की संभावना है।

संभावित नए चेहरे और पदाधिकारी: वासुदेव चावला, नीलम गुर्जर, फतेह सिंह दोई, अनीता कटारा (बांसवाड़ा), सुशील कटारा (डूंगरपुर), हरिराम रणवां, विजेंद्र पूनियां, माधोराम चौधरी, छाबा, दामोदर अग्रवाल (भीलवाड़ा), श्याम अग्रवाल, आयदान भाटी, दशरथ सिंह शेखावत, प्रेमसिंह बनवासा, नाहर सिंह जोधा, प्रभुलाल सैनी, भूपेंद्र सैनी, अशोक सैनी, अजीत मांडन, अनुराग जांगिड़, ओपी यादव, महेंद्र यादव, अतर सिंह भड़ाना, भानुप्रताप सिंह राजावत, हेमराज मीणा, अर्चना मीणा, मोतीलाल मीणा, सांवलाराम देवासी, महेंद्र जाटव, एकता अग्रवाल, मदन प्रजापत के नाम शामिल है।

विधायक और पूर्व विधायक:विधायकों में कुलदीप धनकड़, बाबूसिंह राठौड़ और छगनसिंह राजपुरोहित शामिल हैं। पूर्व विधायकों में शंकर सिंह राजपुरोहित, अभिनेष महर्षि और बलवीर विश्नोई (हनुमानगढ़) के नाम चर्चा में हैं। इसके अलावा धर्मपाल गुर्जर, हीरालाल रावत, रामकिशोर मीणा, चंपालाल गैदर और महेंद्र कुमावत भी सूची में हैं। शाहपुरा परिवार की रत्नाकुमारी और सीकर की मधु कुमावत को भी जिम्मेदारी मिल सकती है।

प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मीडिया से कहा कि नई कार्यकारिणी में विभिन्न स्तर के नेताओं को शामिल किया जाएगा और संगठन में भूमिका के आधार पर उन्हें जिम्मेदारियां दी जाएंगी। इस चर्चा के बाद भाजपा नेताओं में हलचल तेज हो गई है और हर कोई अपने नाम के शामिल होने की संभावना तलाश रहा है।

Previous
Next

Related Posts