जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने प्रो. नन्द किशोर पाण्डेय को हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय, जयपुर का नया कुलगुरु नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रो. पाण्डेय के कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से तीन वर्ष की अवधि के लिए या उनकी 70 वर्ष की आयु पूरी होने तक, इनमें से जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी।
प्रो. नन्द किशोर पाण्डेय का जन्म 1965 में बिहार के सीवान जिले के ग्राम भंटी में हुआ। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से हिन्दी विषय में बी.ए. और एम.ए. की डिग्री प्राप्त की। इसके अलावा उन्होंने त्रिपुरा विश्वविद्यालय से पीएच.डी. तथा तेलुगु में एडवांस डिप्लोमा भी हासिल किया।
पाण्डेय का शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव व्यापक है। उन्होंने राजस्थान के विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों में सेवा देने के साथ-साथ राजीव गांधी विश्वविद्यालय, ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश) में पाठक, प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वे राजस्थान विश्वविद्यालय के मानविकी संकाय के निदेशक और कला अकादमी के अधिष्ठाता भी रह चुके हैं।
इसके अतिरिक्त, डॉ. पाण्डेय वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली आयोग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्तमान में वे इंग्लिश इंस्टिट्यूट, आगरा में निदेशक पद पर कार्यरत हैं।