Saturday, 29 August 2026

जयपुर में देर रात युवक पर फायरिंग, पुराने विवाद में चली गोली, एक घायल


जयपुर में देर रात युवक पर फायरिंग, पुराने विवाद में चली गोली, एक घायल

जयपुर। मानसरोवर थाना क्षेत्र में देर रात फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। वंदे मातरम रोड स्थित चारबाग गार्डन रेस्टोरेंट के पास पुराने विवाद को लेकर दो गुटों में झगड़ा हुआ, जिसके दौरान गोली चल गई। घटना में पाली निवासी युवक हर्षवर्धन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीआई मानसरोवर लखन खटाना के अनुसार, हर्षवर्धन के साथी खुशहाल और भांकरोटा निवासी लोकेन्द्र गुर्जर के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। हालांकि विवाद पहले शांत हो गया था, लेकिन दो-तीन दिन पहले फिर से ताजा हो गया और दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी।

शनिवार देर रात दोनों पक्ष अपने-अपने साथियों के साथ वंदे मातरम सर्किल पर पहुंचे। विवाद बढ़ने पर लोकेन्द्र गुर्जर ने अपने पिता की लाइसेंस प्राप्त पिस्टल से गोली चला दी, जो हर्षवर्धन के कंधे पर लगी। घटना के बाद लोकेन्द्र अपने साथियों के साथ कार से भांकरोटा की ओर भागा, लेकिन भांकरोटा थाने में तैनात कॉन्स्टेबल प्रवीण ने कार को पकड़ लिया।

पुलिस ने लोकेन्द्र गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में इस्तेमाल पिस्टल लोकेन्द्र के पिता बनवारी गुर्जर की बताई जा रही है।

Previous
Next

Related Posts